सांप्रदायिक सौहाद्रता के साथ मनाए जाएंगे आगामी जन्माष्टमी, गणेशोत्सव और मोहर्रम पर्व

इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री जैन से इस दिन पुलिस सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए जाने की मांग की।

पुलिस अधीक्षक ने राजवाड़ा पर हिन्दू एवं मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों से की चर्चा  

झाबुआ। आगामी दिनों में आने वाले जन्माष्टमी, गणेशोत्सव और मोहर्रम पर्व को लेकर जिले के पुलिस कप्तान विनीत जैन एवं अतिरिक्त पुलिस कप्तान विजय डावर ने शहर के मध्य राजवाड़ा पर दोनो संप्रदाय के प्रतिनिधियों से मिलकर विस्तृत चर्चा की। चर्चा में दोनो संप्रदाय के प्रतिनिधयों ने बताया कि यहां सभी त्यौहार आपसी भाईचारे और सौहाद्रता के साथ मनाए जाते है। 
पुलिस अधीक्षक विनीत जैन ने रात करीब 9.30 बजे राजवाड़ा पर दोनो संप्रदाय प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनसे आगामी आने वाले पर्वों पर होने वाले कार्यक्रम की जानकारी लेने के साथ ही व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पुलिस कप्तान श्री जैन को सकल व्यापारी संघ अध्यक्ष नीरजसिंह राठौर ने बताया कि आगामी 23 अगस्त को जन्माष्टमी पर्व राजवाड़ा पर मनाया जाएगा। जिसमें प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी राजवाड़ा के दोनो सिरों पर रस्सी के सहारे ऊंचाई पर मटकी बांधने के साथ इस वर्ष विशेष रूप से राजवाड़ा पर मटकी फोड़ का आयोजन देखने के लिए आने वाले हजारों लोगो को किसी प्रकार की असुविधा एवं धक्का-मुक्की ना हो, इस हेतु 2 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए राजवाड़ा पर मकान-दुकानों की छतों एवं राजवाड़ा महल के ऊपर किसी को भी चढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मटकी फोड़ कार्यक्रम रात ठीक 9 बजे से आरंभ होकर 12 बजे समाप्त हो जाएगा। नीरजसिंह राठौर ने इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री जैन से इस दिन पुलिस सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए जाने की मांग की। साथ ही बताया कि इस बार याताात प्रभावित होने से बचने के लिए पार्किंग व्यवस्था के लिए तीन स्थानों का चयन किया गया है।
गणेशोत्सव के दौरान होंगे कई कार्यक्रम
नीरजसिंह राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 सितंबर से गणेशोत्सव आरंभ होंगे। इस दौरान प्रतिवर्ष की तरह ही सार्वजनिक गणेश मंडल द्वारा राजवाड़ा पर कई कार्यक्रम किए जाएंगे। प्रतिवर्ष यहां राजवाड़ा के मंच पर अखिल भारतीय स्तर के कवि सम्मेलन, प्रश्न-मंच, भजन संध्या जैसे कई भव्य आयोजन होते है, लेकिन इस बार राजवाड़ा का मंच निर्माणाधीन होने से इनका स्थान बदला जाएगा। जन्माष्टमी पर्व के दिन भी मंच राजवाड़ा पर छतरी के समीप बनेगा।
1 सितंबर से होगी 10 दिवसीय मोहर्रम की शुरूआत
इस अवसर पर हाजी सलीम बाबा एवं मुस्लिम पंचायत के सचिव नुरूद्दीन शेख ने बताया कि 1 सितंबर से 10 दिवसीय मोहर्रम की शुरूआत हो रहीं है। जिसमें 9वें दिन ताजियों का शहर में जुलूस निकालने के साथ 10वें दिन राजवाड़ा पर ताजिये सजेंगे। जिनके दर्शन एवं पूजन के लिए राजवाड़ा पर मुस्लिम समाज के लोगों के साथ हिन्दू समाज के लोग भी सैकड़ों की संख्या में आते है। इस दौरान सांप्रदायिक सौहादता भी झलकती है।
किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हो
दोनो संप्रदाय के प्रतिनिधियों ने मिलकर बताया कि शहर में वर्षभर आने वाले सभी त्यौहार आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहाद्रता के साथ ही मनाए जाते है। हिन्दूओं के त्यौहारों और चल समारोह में मुस्लिम समाज मिलकर स्वागत करता है तो मुस्लिम समाज के ईद पर्व और जुलूस में भी हिन्दू संप्रदाय पूरे सहयोग की भावना के साथ कार्य करता है। यह जानकर पुलिस अधीक्षक श्री जैन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री डावर ने प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही निर्माणाधीन मंच का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर हिन्दू संप्रदाय से श्री बैरागी, शशि खत्री, मुस्लिम संप्रदाय से हाजी समीउद्दीन सैयद, इस्माईल खान, शरीफ शेख, गुलरेज कुरैशी, पुलिस प्रशासन की ओर से एसआई जोरावरसिंह, आरक्षक चन्द्रभानसिंह जाट आदि उपस्थित थे।

jhabua news-सांप्रदायिक सौहाद्रता के साथ मनाए जाएंगे आगामी जन्माष्टमी, गणेशोत्सव और मोहर्रम पर्व
रहें हर खबर से अपडेट झाबुआ न्यूज़ के साथ


Google News