गरबा महोत्सव : शुरुआती 6 दिन राजवाड़ा चौक में रात 12 बजे के बाद नहीं होंगे गरबे, ’’इंडिया नहीं भारत’’ की थीम पर होगा आयोजन

मातृ शक्ति की सुरक्षा के लिए लिया गया निर्णय, शेष दिनों में राजवाड़ा मित्र मंडल के सदस्य पुलिस के साथ संभालेंगे सुरक्षा इंतजाम 

झाबुआ। शहर के ह्रदय स्थल राजवाड़ा चौक में श्री देवधर्मराज नवदुर्गा महोत्सव समिति और राजवाड़ा मित्र मंडल द्वारा हर साल की तरह इस बार भी भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। हालांकि इस बार आयोजन समिति ने मातृ शक्ति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया है कि शुरुआती 6 दिन रात 9 से 12 बजे तक ही गरबा खेला जाएगा। अन्य तीन दिन राजवाड़ा मित्र मंडल के सदस्य पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर सुरक्षा इंतजाम संभालेंगे। इस बार आयोजन की थीम ’’इंडिया नहीं, भारत’’ रखी गई है। आमंत्रण पत्र से लेकर फ्लेक्स और होर्डिंग पर भी यह नजर आएगा।

    दरअसल नवरात्रि महोत्सव को भव्य रूप देने के उद्देश्य से संरक्षक विमल कांठी और ब्रजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में श्री देवधर्मराज नवदुर्गा महोत्सव समिति और राजवाड़ा मित्र मंडल की बैठक रखी गई थी। इसमें नवीन कार्यकारिणी के नामों की घोषणा के साथ सभी तरह की व्यवस्थाओं के लिए अलग अलग समितियों का गठन भी किया गया। सबसे महत्वपूर्ण निर्णय समय की पाबंदी का लिया गया। बीते सालों में यह देखने में आया कि गरबों की शुरुआत रात 11 बजे होती है और दो से तीन बजे तक आयोजन चलता है। ऐसे में कई बार युवतियों और महिलाओ को आधी रात को अकेले घर जाना पड़ता है। चूंकि पिछले कुछ समय से छेड़छाड़ की घटनाओं में इजाफा हुआ है, लिहाजा सख्ती के साथ यह तय कर दिया गया कि ठीक रात 9 बजे गरबे प्रारंभ कर दिए जाएंगे और 12 बजे आरती के पश्चात समापन होगा। इसमें किसी तरह का फेरबदल नहीं किया जाएगा। ताकि बेटियां समय पर और सुरक्षित घर पहुंच जाए। सप्तमी से लेकर नवमी तक तीन दिन समय की पाबंदी नहीं होगी। इस दौरान पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त रहेंगे। नशे की हालात में किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। मंडल के वे ही सदस्य अंदर जा पाएंगे, जिनकी ड्यूटी लगाई जाएगी। इस बार गरबा नृत्य की प्रस्तुति देने के लिए बाहर से भी दल यहां आएंगे। घट स्थापना के दिन सुबह 10बजे राजवाड़ा चौक से भव्य शोभा यात्रा भी निकाली जाएगी। 

jhabua garba 2023- Garba-will-not-be-held-after-12-midnight-in-Rajwada-Chowk-for-the-first-6-days-the-event-will-be-organized-on-the-theme-of-India-Nahi-Bharat

बैठक में इस बार की थीम है भारत-

देश में चल रही इंडिया बनाम भारत की बहस के बीच राजवाड़ा मित्र मंडल ने इस बार गरबा महोत्सव की थीम ’इंडिया’ नहीं ’भारत’ रखी है। बैठक में मंडल के गोपाल नीमा ने कहा भारत बोलने में हमे गर्व महसूस होता है, जबकि इंडिया शब्द गुलामी का प्रतीक है। राजवाड़ा मित्र मंडल के संरक्षक बृजेंद्र शर्मा ने कहा जो भी आमंत्रण पत्र प्रकाशित करवाए जाएंगे उसमें भारत लिखने के साथ अखंड भारत का नक्शा भी अंकित किया जाएगा। बैठक में नपाध्यक्ष प्रतिनिधि बिट्टू सिंगार, राजवाड़ा मित्र मंडल महिला इकाई से मंजुला देराश्री ने भी सुझाव रखे। इस अवसर पर समाजसेवी मनोहर भंडारी, सुशील शर्मा, राजेंद्र सिंह नायक, सकल व्यापारी संघ के अध्यक्ष संजय कांठी, सामाजिक महासंघ के अध्यक्ष नीरज सिंह राठौर, समिति के अध्यक्ष दीपक भंडारी, सचिव अंकुश कांठी, कोषाध्यक्ष गोपाल सोनी सहित बड़ी संख्या में अन्य सदस्य मौजूद थे। 

रहें हर खबर से अपडेट झाबुआ न्यूज़ के साथ


Google News